Skip to main content Scroll Top

कल्पना – ख़ुद को समझने से दुनिया बदलने तक

Abstract illustration of an open doorway leading into a landscape, with branching lines and colourful dots symbolising imagination, possibilities and social change.

हम सबके अंदर एक कमरा होता है। उसकी चाबी सिर्फ़ हमारे पास होती है। वहाँ कोई दस्तक नहीं देता, कोई सवाल नहीं पूछता, कोई “लोग क्या कहेंगे” नहीं कहता।

उस कमरे में हम वो सब सोच लेते हैं जो कभी किसी से नहीं कह पाते। कभी कोई चाहत, कभी कोई डर, कभी कोई ऐसा ख़याल जिस पर ख़ुद हैरानी होती है। कभी किसी का चेहरा, कभी किसी की आवाज़, कभी ऐसी दुनिया जो कहीं मौजूद ही नहीं।

और फिर दरवाज़ा खुलता है, और हम वापस उसी दुनिया में आ जाते हैं जहाँ सब कुछ “ठीक-ठाक” दिखना चाहिए।

इस लेख में बात उसी कमरे की है। उस कमरे की जिसे हम कल्पना कहते हैं, और जिसके बारे में हमें सिखाया गया है कि उसे बंद ही रखना चाहिए।

हमें कल्पना से डरना किसने सिखाया?

बचपन से हम यही सुनते आए हैं – “ख़्यालों में मत खोए रहो, सपने छोड़ो, पढ़ाई करो।” “ये सब फ़ालतू बातें सोचना बंद करो।”

धीरे-धीरे हम मान लेते हैं कि कल्पना समय की बर्बादी है, और अगर कल्पना इच्छा, आकर्षण या यौनिकता से जुड़ी हो, तब तो मामला और गंभीर हो जाता है। उसे सिर्फ़ फ़ालतू नहीं, “गंदा” मान लिया जाता है। उस पर बात करना तो दूर, उसके बारे में सोचना भी शर्म की बात बन जाता है।

नतीजा यह होता है कि बहुत से लोग अपने ही मन के ख़यालों से डरने लगते हैं। “मेरे दिमाग़ में ऐसा क्यों आया?” “क्या मुझमें कुछ गड़बड़ है?” “अगर किसी को पता चल गया तो?”

यह डर इतना आम है कि लगभग हर किसी  ने इसे कभी न कभी महसूस किया है। फिर भी हम में से हर कोई यही सोचता है कि बस हम  ही ऐसे है।

सच यह है कि कल्पना किसी के होने का सबसे स्वाभाविक हिस्सा है। यह वही चीज़ है जो हमें बाक़ी चीज़ों से अलग करती है। हम सिर्फ़ जो है उसमें नहीं जीते, जो हो सकता है उसमें भी जीते हैं।

कल्पना एक आईना है

आपने कभी ग़ौर किया है कि हम बार-बार किस तरह की बातें सोचते हैं? हमारी कल्पनाएँ अक्सर हमारी ज़रूरतों की ख़बर देती हैं।

कोई बार-बार यह सोचते है कि काश कोई उन्हें बिना शर्त अपना ले। यह ख़याल बताता है कि उन्हें अपनापन चाहिए। कोई यह सोचते है कि काश मैं अपने असली रूप में सबके सामने आ पाऊँ। यह कल्पना बताती है कि उन्हें अपनी पहचान छिपाते-छिपाते थकान हो गई है। कोई यह सोचते है कि काश मेरे हाथ में सारा नियंत्रण होता। यह ख़याल बताता है कि शायद ज़िंदगी में उन्हें बहुत बार बेबस महसूस हुआ है।

यानी हर कल्पना का कोई मतलब हो सकता है, और हर कल्पना का मतलब “यही करना है” नहीं होता। कई कल्पनाएँ बस कल्पनाएँ ही रहती हैं, और यह भी बिल्कुल ठीक है। किसी ख़याल का मन में आना और उस पर अमल करना दो बिल्कुल अलग बातें हैं।

इसे समझ लेना बहुत राहत देता है। आपके मन में आया हर ख़याल आपकी पहचान नहीं बन जाता।

अपनी कल्पनाओं को बिना डरे, बिना ख़ुद को कोसे देखना, ख़ुद को समझने का एक बहुत ताक़तवर तरीक़ा है। और जो ख़ुद को समझते है, वही अपने लिए सही फ़ैसले ले सकते है।

जब कल्पना दूसरे किसी तक पहुँचती है

कल्पना जब तक मन में है, वह सिर्फ़ हमारी है। लेकिन जब कोई उसे किसी और के साथ बाँटना चाहे, या असल ज़िंदगी में उतारना चाहे, तो कहानी बदल जाती है। अब उसमें एक और इंसान शामिल है, जिसकी अपनी इच्छाएँ, झिझक और सीमाएँ हैं।

यहीं से कल्पना और हक़ीक़त का फ़र्क़ शुरू होता है। मन में सब कुछ हमारे हिसाब से चलता है। हक़ीक़त में सामने वाले भी अपनी बात रखते है। कभी हक़ीक़त कल्पना से बेहतर निकलती है, कभी फीकी, कभी बस अलग। और कई बार कोई कल्पना सिर्फ़ इसलिए सुंदर होती है कि वह मन में रहती है।

इसीलिए इस मोड़ पर तीन चीज़ें सबसे ज़रूरी हैं – सहमति, सुरक्षा और बातचीत।

सहमति का मतलब सिर्फ़ एक बार “हाँ” सुन लेना नहीं है। उसका मतलब है…

  • सामने वाले को सोचने का वक़्त देना
  • “ना” को बिना नाराज़ हुए, बिना मनाए मान लेना
  • यह याद रखना कि आज की “हाँ” कल “ना” भी हो सकती है
  • शारीरिक सुरक्षा और स्वास्थ्य के बारे में खुलकर बात करना

कई लोगों को लगता है कि इस तरह की बातचीत से “मूड” ख़राब हो जाता है। असल में बात उल्टी है। जब दोनों को पता हो कि उनकी सीमाओं का सम्मान होगा, तभी वे सचमुच बेफ़िक्र हो पाते हैं। भरोसा सबसे असरदार चीज़ है, और वह बातचीत से बनता है।

और बातचीत भी कल्पना से ही शुरू होती है। जब हम पहले मन में सोचते हैं कि “मैं यह बात कैसे कहूँगा या कहूँगी”, तो वह एक तरह की रिहर्सल होती है। मन में कई बार दोहराई गई बात धीरे-धीरे ज़ुबान तक आने की हिम्मत जुटा लेती है।

पहले ख़याल, फिर हक़ीक़त

अब ज़रा नज़र घुमाइए और देखिए कि हमारे आसपास क्या-क्या बदला है।

जो मोबाइल आपके हाथ में है, वह कभी किसी के दिमाग़ का सिर्फ़ एक ख़याल था। जिस स्कूल में आज लड़कियाँ पढ़ने जाती हैं, वह कभी किसी की ऐसी कल्पना था जिस पर लोग हँसे थे। जो क़ानून आज हमें हक़ देते हैं, वे कभी किसी की “बेतुकी” माँग थे।

कोई भी चीज़ अचानक नहीं बनती। पहले वह किसी के मन में आती है, फिर बातों में, फिर लेखों और गीतों में, फिर माँगों में, और आख़िर में हक़ीक़त में। कल्पना इस पूरी कड़ी की पहली कड़ी है।

यही बात यौन और प्रजनन स्वास्थ्य की सेवाओं पर भी लागू होती है। आज भी बहुत से लोगों के लिए डॉक्टर के पास जाना आसान नहीं है। अविवाहित किशोरियों और महिलाओं को डर रहता है कि कोई देख लेगा या ताने देगा। क्वीयर लोगों को कई बार इलाज के नाम पर मज़ाक झेलना पड़ता है। उन लोगों के लिए जो विकलांगता के साथ जी रहे है, तो कई जगह ऐसी सेवाएँ पहुँच के बाहर हैं।

ज़रूरत मौजूद है, रास्ता नहीं है।और रास्ते की शुरुआत हमेशा किसी की कल्पना से होती है। कोई सोचते है कि ऐसा क्लिनिक हो जहाँ कोई जज न करे। कोई सोचते है कि स्कूल में ऐसी शिक्षा मिले जो शर्म नहीं, समझ सिखाए। कोई सोचते है कि ऐसी हेल्पलाइन हो जहाँ कोई बिना नाम बताए सवाल पूछ सके।

ये सब पहले “काश” थे। उनमें से कुछ आज हक़ीक़त बन चुके हैं, और कुछ अब भी अपने समय का इंतज़ार कर रहे हैं।

जब एक “काश” पूरे देश का सच बना

इसका एक बड़ा उदाहरण हमारे अपने देश के इतिहास में है।

इतिहास का एक पन्ना – भारतीय दंड संहिता की धारा 377, 1860 में अंग्रेज़ों के राज में बनी थी। इसके तहत समलैंगिक संबंध अपराध माने जाते थे। यह क़ानून 158 साल चला। फिर 6 सितंबर 2018 को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि (सामान जेंडर के) दो वयस्कों के बीच आपसी सहमति से बने संबंध अपराध नहीं हैं।

158 साल। इस दौरान कितने लोगों ने अपना प्यार छिपाया, कितनों ने डर के साए में ज़िंदगी काटी, इसका कोई हिसाब नहीं।

लेकिन उसी दौरान कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने कल्पना की कि एक ऐसा भारत हो सकता है जहाँ प्यार अपराध न हो। उन्होंने सिर्फ़ कल्पना ही नहीं की, उसे आवाज़ दी। उन्होंने बातें कीं, लेख लिखे, कविताएँ रचीं, अदालत के दरवाज़े खटखटाए, और हारकर भी बार-बार लौटे। जो कल्पना कभी हँसी में उड़ाई जाती थी, वह आख़िर क़ानून की किताब में दर्ज हो गई।

हर बड़े बदलाव का यही रास्ता रहा है। पहले उसे नामुमकिन कहा गया, फिर बेशर्मी कहा गया, और फिर एक दिन वह आम बात बन गई।

इसीलिए जब कोई कहता है कि “यह सब सोचना बेकार है”, तो याद रखिए कि कल का सच अक्सर आज की ऐसी ही “बेकार” कल्पना से बनता है।

कुछ कल्पनाएँ हमें चेताती हैं

कल्पना सिर्फ़ सुंदर सपनों का नाम नहीं है। वह हमें डरावने भविष्य भी दिखाती है, और यह भी उतना ही ज़रूरी है। सोचिए कि हमारी सबसे निजी जानकारी बिना हमारी मर्ज़ी के सबके सामने आ जाए, तो क्या होगा? यह डर अब सिर्फ़ कल्पना नहीं रहा। लोगों की तस्वीरें और पहचान उनकी इजाज़त के बिना ऑनलाइन इस्तेमाल होने के मामले आज भी सामने आते हैं। कुछ क़ानूनों और नीतियों को लेकर भी यह चिंता उठती रही है कि वे निजी आज़ादी का दायरा सिकोड़ सकती हैं। सवाल यह है कि अगर यह सिलसिला चलता रहा, तो आगे क्या होगा, और हम इसे कहाँ रोकेंगे? ऐसे सवाल पूछना हमें समय रहते सतर्क बनाता है। जिसने कभी कल्पना ही नहीं की कि चीज़ें बिगड़ सकती हैं, वह बिगड़ने से रोक भी नहीं सकता।

इस तरह कल्पना दो काम करती है। वह हमें बेहतर कल की ओर खींचती है, और बुरे कल से बचने की नज़र भी देती है।

तो अब क्या?

इस लेख का मक़सद आपको कोई उपदेश देना नहीं, बस कुछ सवाल आपके पास छोड़ जाना है।

क्या हम अपने ही मन के ख़यालों से डरते हैं? क्या कभी हमने रुककर पूछा कि वे हमसे क्या कहना चाहते हैं? क्या हम किसी दूसरे   से बात कर पाते हैं जिस पर हमें भरोसा हो? क्या हम दूसरों की कल्पनाओं को बिना जज किए सुन सकते हैं, जब तक वे किसी की सहमति और सुरक्षा के ख़िलाफ़ न हों?

और सबसे बड़ा सवाल – क्या हम उस दुनिया की कल्पना करने की हिम्मत रखते हैं जो अभी मौजूद नहीं है?

क्योंकि जिस दुनिया में हर कोई बिना डरे अपने बारे में बात कर सके, जहाँ सेवाएँ सबके लिए खुली हों, जहाँ रिश्ते बातचीत और भरोसे पर टिके हों, वह दुनिया भी हम में से बहुतों  के “काश” से ही शुरू होगी।

आख़िर में

हम सबके अंदर एक कमरा है, जिसकी चाबी सिर्फ़ हमारे पास है। उसे शर्म का कमरा बनाना ज़रूरी नहीं। वह हमारी समझ का, हमारे सवालों का और हमारे सपनों का कमरा भी हो सकता है।

कल्पना हमारी इच्छाओं का आईना है, रिश्तों की पहली बातचीत है, सेवाओं की पहली योजना है और समाज के बदलाव की पहली चिंगारी है।

तो आज रात जब आप आँखें बंद करें, तो ख़ुद से पूछिए…

“मेरी कल्पना की दुनिया कैसी है? और उसे थोड़ा-सा भी सच बनाने के लिए मुझ सेपहला कदम क्या उठाया जा सकता है?”

Cover image by author