Skip to main content Scroll Top

मशीन के भीतर एक वीरान शहर – कल्पना करने का हक़ किसे है?

a handicap sign painted on the side of a wall

साल 2014 की बात है, जब मैं विकलांगता के साथ जी रहे लोगों के एक समूह को चलाने में मदद कर रही थी। मुझे एक ऐसा पल याद है, जो सत्र ख़त्म होने के काफ़ी समय बाद तक मेरे ज़हन में बना रहा। एक युवक, जिन्हे डाउन सिंड्रोम था, उन्होंने पूछा, “क्या कभी मेरी कोई गर्लफ्रेंड होगी?” वह सवाल सिर्फ़ एक गर्लफ्रेंड के बारे में नहीं था, बल्कि यह इस बारे में था कि क्या उन्हें इस दुनिया में एक ऐसे वयस्क के तौर पर रहने की इजाज़त है, जिनके मन में रोमांटिक भावनाएं हो सकती हैं?

साल 2015 में मैंने ‘भारतीय समावेशी बैठक (इंडियन इंक्लूजन समिट)’ में हिस्सा लिया था। एक ऐसा मंच, जहां विकलांगता के साथ जी रहे लोग अपने काम को प्रदर्शित कर सकते हैं और समाज में लाए गए अपने सकारात्मक बदलावों के लिए पहचान पा सकते हैं। जहां एक ओर उपलब्धियों की सराहना हो रही थी, वहीं कहीं धीमी आवाज़ में ‘इंक्लोव’ की भी चर्चा थी। कल्याणी खोना की यह पहल विकलांगता के साथ जी रहे लोगों के लिए ऑफ़लाइन डेटिंग और रिश्ता तलाशने का एक मंच। यह पहली बार था जब मैंने इस तरह की किसी चीज़ के बारे में सुना था, और इससे उम्मीद जगी। इस पहल ने उस पुरानी सोच को चुनौती दी कि जो लोग विकलांगता के साथ जी रहे हैं, वे प्यार या रिश्तों की तलाश नहीं करते, बल्कि उनकी भूमिका सिर्फ़ दूसरों की देखभाल और सहारे पर निर्भर रहने तक ही सीमित है। यह उस दौर की बात है, जब आज के समय में प्रचलित डेटिंग ऐप्स का इतना बोलबाला नहीं था।

अब 2026 की बात करें, तो यह डेटिंग की दुनिया में बड़े बदलावों का दौर है। आजकल ‘रेड फ्लैग्स’ (रिश्ते में नज़र आने वाले चेतावनी के संकेत) और ‘घोस्टिंग’ (बिना कुछ बताए अचानक बातचीत बंद कर देना) जैसे शब्द आम बातचीत का हिस्सा बन चुके हैं। लेकिन हम शायद ही कभी इस बात पर ध्यान देते हैं कि भारत में विकलांगता के साथ जी रहे लोगों के लिए आज भी डेटिंग ऐप्स की दुनिया एक वीरान शहर जैसी है, जहाँ जुड़ने और रिश्ते बनाने के मौके बहुत कम नज़र आते हैं। विकलांगता के साथ जी रहे मेरे दोस्तों और साथ काम करने वाले लोगों के लिए, ऐसे समाज के बीच अपनी जगह बनाने की जद्दोजहद लगातार चलती रहती है, जिसने पहले ही मान लिया है कि उनके जीवन में प्यार और रोमांस की कोई जगह नहीं है। ऐसे में, डेटिंग ऐप पर किसी को पसंद करने या न करने के लिए बस एक बार उंगली से स्वाइप कर देना भी उनके लिए उतना आसान विकल्प नहीं है।भले ही हमारे पास ज़्यादा ‘तकनीक’ आ गई है, लेकिन इस बात को लेकर हमारी संवेदना या कल्पनाशीलता में कोई ख़ास बढ़ोतरी नहीं हुई है कि किसे प्यार करने की इजाज़त है।

जब हम प्यार और रोमांस के बारे में सोचते हैं, चाहे वह किसी डेटिंग ऐप पर हो, किसी फ़िल्म में हो या फिर हमारे अपने ख़यालों और कल्पनाओं में, तो हमारे ज़ेहन में व्हीलचेयर, सुनने में मदद करने वाला उपकरण या अलग तरह से चलने-फिरने वाले शरीर शायद ही कभी आते हैं। ऐसा लगता है मानो जो लोग विकलांगता के साथ जी रहे हैं, उन्हें प्यार और चाहत की हमारी साझा कल्पनाओं से ही बाहर कर दिया गया हो। और जब किसी की कल्पनाओं में ही आपके लिए जगह न हो, तो हक़ीक़त में आपको स्वीकार किया जाना और आपकी मौजूदगी को पहचान मिलना भी मुश्किल हो जाता है।

अपने आप में, डेटिंग ऐप्स की दुनिया एक ऐसी सोच पर टिकी है, जो आदर्श और सक्षम माने जाने वाले शरीर को ही सुंदरता और आकर्षण का पैमाना मानती है। यहां सफर की चमकदार तस्वीरों और बेहद साफ़-सुथरी, हाई-डेफ़िनिशन तस्वीरों की भरमार होती है। मैंने दोस्तों से सुना है कि एक ऐसी डिजिटल जगह पर समय बिताना कितना थका देने वाला हो सकता है जो किसी को भी साथ लेकर नहीं चलता। यहाँ ‘स्वाइप’ करना किसी पुल की बजाय एक रुकावट जैसा लगने लगता है। एक बार इस बारे में अपने एक दोस्त से बात करते हुए उसने बताया कि किसी ने उससे कहा था कि डेटिंग ऐप पर होना अपने आप में उसके लिए एक बहुत ‘बहादुरी’ की बात है। लेकिन उसे यह बात बेहद अपमानजनक और अमानवीय लगी। उसे ऐसा महसूस हुआ मानो उसे एक ऐसे रूप में देखा जा रहा हो, जिसे दूसरों के लिए प्रेरणा की मिसाल बनाकर पेश किया जाए या जो उनकी दया का पात्र हो। जबकि वह तो बस यही चाहता था कि उसके साथ भी किसी और की तरह बराबरी का व्यवहार किया जाए।

समाज में लंबे समय से एक ऐसी सोच चली आ रही है, जिसने हमारी नज़र में विकलांगता के साथ जी रहे लोगों की एक तय छवि बना दी है। हम उन्हें ऐसे लोगों के रूप में देखने के आदी हो गए हैं, जिन्हें हमेशा देखभाल की ज़रूरत होती है, लेकिन शायद ही कभी ऐसे रूप में देखते हैं जिनसे कोई प्यार कर सकते है, जिनकी ओर आकर्षित हो सकते है या जिन्हें कोई अपना साथी बनाना चाहे। मुझे एक और ख़ास घटना याद है। एक बार मेरी मुलाक़ात सेरेब्रल पाल्सी (प्रमस्तिष्क घात) के साथ जी रही एक किशोरी की माँ से हुई। वह अक्सर मुझसे कहती थीं कि उनकी बेटी भले ही अपनी कक्षा के एक लड़के के बारे में लगातार बातें करती रहती हो, लेकिन उन्हें पूरा यक़ीन है कि उनकी बेटी के मन में उस लड़के को लेकर कोई ‘गलत या अनुचित भावनाएं नहीं हैं। इससे मुझे सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि एक टीनएजर (यहां पर वह किशोरी) का किसी की ओर आकर्षित होना एक बिल्कुल स्वाभाविक बात है, तो फिर उसकी माँ को इस बात को सही ठहराने या मेरे सामने इसका ज़िक्र करने की ज़रूरत क्यों महसूस हुई? ऐसा लगा मानो विकलांगता के साथ जीने का मतलब यह था कि उनकी बेटी को वे भावनाएं महसूस करने की इजाज़त नहीं थी, और किसी तरह वे भावनाएं ‘गलत’ या ‘बुरी’ बन गईं। जो बात मेरे मन में सबसे ज़्यादा ठहर गई, वह यह थी कि वे केवल भावनाएं थीं। इस घटना ने मुझे झकझोर दिया और ऐसा लगा मानो उनकी बेटी को एक स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता रखने का मानने के बजाय, बस एक ‘सुरक्षित’ रखी जाने वाली चीज़ बना दिया गया हो।

कल्पना एक ऐसी जगह मानी जाती है जो कमोबेश हमारी अपनी होती है, जहां हम बिना किसी की नज़र के कुछ भी सोच सकते हैं और कुछ भी चाह सकते हैं। ज़्यादातर टीनएजर्स के लिए, कक्षा में किसी पर क्रश होना एक छोटी सी निजी दुनिया की तरह होता है, जिसमें वे खो सकते हैं। लेकिन इस लड़की के लिए, उस भीतरी दुनिया को भी परखा और सुधारा जा रहा था। अगर किसी युवा से कहा जाए कि उनकी कल्पनाएं गलत हैं, तो उनके पास क्या बचेगा? मैं अक्सर सोचती हूँ कि अगर किसी ने शुरू से ही उसकी भावनाओं को ‘गलत’ नहीं कहा होता, तो वह प्यार, अपने शरीर और अपने भविष्य को लेकर कितने तरह के ख़्वाब देखने की ख़ुद को इजाज़त दे पाती।

इसने मुझे यह सोचने पर भी मजबूर किया कि लोकप्रिय मीडिया में इसे किस तरह दिखाया जाता है। पश्चिमी देशों में ऐसे कई उदाहरण और चित्रण देखने को मिलते हैं, जहां विकलांगता के साथ जी रहे लोग आपस में या जो लोग विकलांगता के साथ नहीं जी रहे हैं, उनके साथ प्रेम संबंधों में होते हैं। लेकिन भारत में इस तरह के रिश्तों को बहुत कम जगह मिलती है। ऐसा लगता है जैसे हमारा समाज इन्हें समझने के लिए तैयार ही नहीं है। हम अपनी पुरानी मान्यताओं और धारणाओं में इतने उलझे हुए हैं कि उनसे आगे देखने या उन पर सवाल उठाने की कोशिश भी नहीं करते।

एक और मौके पर, मेरे एक दोस्त ने बताया कि डेटिंग ऐप पर अपनी विकलांगता के बारे में बताना उनके लिए कितनी उलझन भरी स्थिति पैदा करता था। अगर वे अपनी प्रोफ़ाइल में इसके बारे में लिखते, तो लोग बिना उन्हें जाने-समझे ही उन्हें नज़रअंदाज़ कर देते या उनकी प्रोफ़ाइल को फ़िल्टर आउट कर देते।वहीं, अगर वे अपनी प्रोफ़ाइल में इस बारे में नहीं बताते, तो बाद में इसे एक तरह से धोखा देना या कोई अहम बात छिपाना माना जाता। इसने मुझे यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि डेटिंग की एक न्यायपूर्ण दुनिया कैसी होगी। मनोचिकित्सा परामर्शदाता (साइकोथेरेपिस्ट) और दोस्त के रूप में इतने वर्षों के अपने अनुभव से मैंने यह जाना है कि अकेलापन विकलांगता के साथ जीने की वजह से नहीं आता, बल्कि ऐसे समाज में जीने से पैदा होता है, जो विकलांगता को इंसानी जीवन का एक स्वाभाविक हिस्सा मानने से कतराता है। डेटिंग ऐप्स का एक वीरान शहर बने रहना दरअसल इस बात को दिखाता है कि समाज उन शरीरों को सहजता से स्वीकार नहीं कर पाता, जो उसके बनाए तय दायरों में नहीं समाते।

पिछले एक दशक में, तकनीक (जिसमें ऐ.आई भी शामिल है) के क्षेत्र में भले ही बहुत प्रगति हुई हो, फिर भी तकनीक समानता लाने का ज़रिया नहीं बन पाई है। भले ही डेटिंग की दुनिया में एक तथाकथित क्रांति आ चुकी हो, लेकिन हमें ख़ुद से यह सवाल ज़रूर पूछना चाहिए कि क्या वाकई डेटिंग का चलन बदला है? क्योंकि आज भी यह तय करने का काम करता है कि किसे प्यार और चाहत की दुनिया में जगह मिलेगी और किसे नहीं। ‘इंस्पिरेशन पोर्न’ यानी विकलांगता के साथ जी रहे लोगों को उनके रोज़मर्रा के काम करते हुए भी दूसरों के लिए प्रेरणा की मिसाल बना देने की सोच पर सवाल उठाना ज़रूरी है। हमें डेटिंग ऐप्स पर ऐसे लोगों की ज़रूरत नहीं है, जिन्हें बहादुर कहकर सराहा जाए। हमें तो ऐसी सोच और सामाजिक माहौल बनाने की ज़रूरत है, जो शारीरिक सुंदरता को लेकर अपनी सतही धारणाओं से आगे देखना सीख सके। कभी-कभी मैं ख़ुद को यह कल्पना करने की छूट देती हूँ कि ऐसी दुनिया कैसी होगी। ऐसे ऐप्स जहां किसी को अपनी विकलांगता छिपाने या फिर इस वजह से बाहर कर दिए जाने – इन दोनों में से किसी एक को चुनने की मजबूरी न हो।या भारत की ऐसी फ़िल्में और सीरियल, जिनमें कोई विकलांगता के साथ जी रहे किरदार के साथ प्यार में पड़ जाए और कहानी प्यार के बारे में हो, ना कि विकलांगता के बारे में। या ऐसे माता-पिता जो अपने बच्चे को किसी पर क्रश होने के बारे में बात करते हुए सुने और बस मुस्कुरा दें। शायद कल्पना हमारे लिए यही कर सकती है। यह हमें किसी दुनिया को बनाने से पहले उसकी कल्पना करने का मौका देती है।

प्रांजलि शर्मा द्वारा अनुवादित। प्रांजलि एक अंतःविषय नारीवादी शोधकर्ता हैं, जिन्हें सामुदायिक वकालत, आउटरीच, जेंडर दृष्टिकोण, शिक्षा और विकास में अनुभव है। उनके शोध और अमल के क्षेत्रों में बच्चों और किशोरों के जेंडर और यौन व प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार शामिल हैं और वह एक सामुदायिक पुस्तकालय स्थापित करना चाहती हैं जो समान विषयों पर बच्चों की किताबें उपलब्ध कराएगा।

प्रांजलि शर्मा द्वारा अनुवादित। प्रांजलि एक अंतःविषय नारीवादी शोधकर्ता हैं, जिन्हें सामुदायिक वकालत, आउटरीच, जेंडर दृष्टिकोण, शिक्षा और विकास में अनुभव है। उनके शोध और अमल के क्षेत्रों में बच्चों और किशोरों के जेंडर और यौन व प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार शामिल हैं और वह एक सामुदायिक पुस्तकालय स्थापित करना चाहती हैं जो समान विषयों पर बच्चों की किताबें उपलब्ध कराएगा।

To read this article in English, please click here

Cover image by Tim Mossholder on Unsplash